मुरैना , अप्रैल 25 -- मध्यप्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी नारी शक्ति वंदन अधिनियम ( महिला आरक्षण बिल) को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में उस समय असहज नजर आईं जब पत्रकारों ने उनसे विधेयक से जुड़े अहम सवाल पूछे।

बिना तैयारी के पत्रकार वार्ता में पहुंची पूर्व मंत्री कई सवालों का संतोषजनक जबाव नहीं दे सकीं। पत्रकारों द्वारा लगातार पूछे गए सवालों से घिरने लगीं तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर ही निशाना साधना शुरू कर दिया।

पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के हित में कभी गंभीर प्रयास नहीं किए,जबकि वर्तमान सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कटिबद्ध है। पूर्व मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाना चाहती है लेकिन कांग्रेस पार्टी ने यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं होने दिया,जिससे यह साबित होता है कि वह महिलाओं की विरोधी है।

जब पत्रकारों ने पूछा कि महिला आरक्षण विधेयक तो 2023 में हीं पास हो चुका है और विपक्ष चाहता है कि इसे मोदी सरकार शीघ्र लागू करे ओर यही मुद्दा विपक्ष ने लोकसभा में भी उठाया था। पूर्व मंत्री ने कहा कि आप लोग विपक्ष की बात ही क्यों सुनते हो केवल लोकसभा में जो सरकार ने कहा उसे सुनिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित