नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बुधवार को यहां के कनॉट प्लेस में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिला बाइक रैली निकाली गयी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व और सांसद कमलजीत सहरावत तथा सुश्री बांसुरी स्वराज की उपस्थिति में आयोजित इस रैली में सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं ने मानव श्रृंखला भी बनायी। बाइक रैली में शामिल महिलाओं ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल का एक चक्कर लगाकर इस अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर किये।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह, नयी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) सदस्य सरिता तोमर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री अरुण दराल, युवा मोर्चा प्रभारी अभिषेक टंडन, सह-प्रभारी श्री सुमित सेठ सहित हजारों महिलाएं और लड़कियां शामिल थीं।

इस अवसर पर श्री सचदेवा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए दिल्ली ही नहीं देश की उन सभी नारियों को बधाई, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके माध्यम से एक नई शक्ति दी है ताकि वह भारत की नीतियों में सहभागी बन सके। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व देने का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है। इसलिए सभी दलों को इसके लिए आगे आकर अपना समर्थन देना चाहिए।

उन्होंने विपक्ष द्वारा परिसीमन से ध्यान भटकाने के सवाल पर कहा कि विपक्ष को इस बात पर विचार करना चाहिए कि आखिर उन्होंने इससे पहले क्यों नहीं किया। अब देश में कुछ अच्छा होने जा रहा है तो विपक्ष इसमें बाधा डालने की कोशिश कर रहा है।



सुश्री स्वराज ने कहा कि आज की यह रैली एक तरह से अंतिम तैयारी है। जिस तरह से साल 2023 में भारतीय जनता पार्टी सरकार ने वचन दिया था अब उस वचन पूर्ति का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि मैं इस रैली के माध्यम से सभी विपक्षी राजनीतिक दलों से यह आग्रह करूँगी कि राजनीति से और विचारधारा के मतभेद से उपर उठकर भारतीय संसद ने बहन बेटियों से जो वायदा किया था अब उसे पूरा कीजिए और जो भी राजनीतिक दल इसके विरोध में खड़ा है वह मातृशक्ति की निंदा का पात्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि जाे नेता इस विधेयक को उत्तर बनाम दक्षिण करने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें स्पष्ट शब्दों में बताना चाहूँगी कि 27 सालों से हम इस विधेयक की प्रतीक्षा कर रहे हैं इसलिए इसके समय पर सवाल करने वाले एक बार फिर से खुद को कटघरे में खड़े कर रहे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित