देहरादून , अप्रैल 22 -- संसद में विपक्षी सांसदों द्वारा 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का समर्थन न किए जाने के विरोध में गुरुवार को उत्तराखंड के देहरादून स्थित डीएवी महाविद्यालय की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी छात्राओं एवं भारतीय जनता पाटी्र (भाजपा) महिला मोर्चा की महिलाओं ने डीएवी कॉलेज चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस एवं पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा उनका पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के हितों के प्रति उदासीन रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समय-समय पर महिलाओं को गुमराह करने का कार्य किया है, जिससे उसकी नीयत स्पष्ट होती है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं एक स्वर में नारा लगा रही थी, "नारी सम्मान का जो करेगा विरोध, जनता देगी उसको करारा जवाब।"इस अवसर पर एमकेपी कॉलेज की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष साक्षी शंकर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रगति रावत, पार्षद वंशिका सोनकर, मीरा, रेखा देवी, सुमन सिंह, तारा देवी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित