गया जी, अप्रैल 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक और मशहूर लोकगीत गायिका मैथिली ठाकुर ने रविवार को कहा कि किसी भी सूरत में नारी शक्ति का अपमान बर्दास्त नहीं किया जायेगा और इस विषय पर विपक्ष को अपने रवैये की कीमत चुकानी पड़ेगी ।

सुश्री ठाकुर ने आज शहर के सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह देश हमेशा नारी को सम्मान देता रहा है और यहाँ की जनता महिलाओं का अपमान करने वालों को जरुर सजा देगी।

भाजपा की विधायक ने महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी और कहा कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के पास होने से 17 अप्रैल देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन बन सकता था, लेकिन विपक्ष ने इसे बाधित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं के नेतृत्व में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात की जा रही थी, तब विपक्ष ने नकारात्मक राजनीति करते हुए इसका विरोध किया, जो उनकी महिला विरोधी मनसिकता का प्रतीक है।

सुश्री ठाकुर ने कहा कि यदि यह बिल पास होता, तो जनगणना के आधार पर संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलती। उन्होंने विपक्ष पर नारी विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका खामियाजा उन्हें भविष्य में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि "हम दीपक और बाती लेकर तैयार थे, लेकिन उसे जलने नहीं दिया गया," जिससे महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंची है।

भाजपा विधायक ने पप्पू यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी सभ्य समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह व्यक्तिगत पसंद का विषय है, लेकिन नेताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता के विकास और समाज के उत्थान के लिए काम करना होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित