नारायणपुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 30 लाख रुपये से अधिक के गबन और एक महिला की हत्या के मामले का आज खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार पीएनबी की नारायणपुर शाखा में खातों की जांच के दौरान अनियमितता और संदिग्ध लेन-देन सामने आए थे। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर थाना नारायणपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में खाताधारकों के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से राशि निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर करने का मामला सामने आया। इस तरह करीब 30 लाख 67 हजार 500 रुपये का गबन किया गया।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी तिलक राम मंडावी (38), निवासी पलटपारा गढ़बेंगल को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

एक अन्य मामले में गत पांच फरवरी को जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि गढ़बेंगल गांव की एक महिला गंभीर अवस्था में भर्ती कराई गई है, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने जांच तेज की। जांच में पता चला कि 13 जनवरी को महिला को उसके पति द्वारा गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसके चलते उसकी मृत्यु हुई।

पुलिस ने इस मामले में भी आरोपी पति तिलक राम मंडावी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त की और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है और हर मामले में त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित