नारायणपुर , फरवरी 04 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना ओरछा क्षेत्र के संवेदनशील जंगलों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
बुधवार को एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कांगाली, मंडोली, आसनार और ओरछा के घने जंगली इलाके में छिपाई गई इस सामग्री की सटीक जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। सूचना की पुष्टि के बाद 03 फरवरी को नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी की एक संयुक्त टीम ने विस्तृत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान जंगल में एक गुप्त स्थान से विभिन्न प्रकार की आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने की सामग्री बरामद हुई। बरामदगी में प्रेशर कुकर, रस्सी, लंबी बिजली के तार, चार्जर, बैटरियां, पेंसिल सेल, पाइप और इंजन ऑयल जैसी खतरनाक वस्तुएं शामिल हैं। इन सामग्रियों का उपयोग घातक बम तैयार करने में किया जाता है। इसके अलावा नक्सलियों के दैनिक उपयोग की कुछ अन्य वस्तुएं भी मिली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित