रायगढ़ , दिसंबर 10 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में अवैध धान तस्करी के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में आज नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन के मामले का भंडाफोड़ किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर ओडिशा नंबर की एक पिकअप वाहन को कटकलिया-लैलूंगा मार्ग पर रोका गया। वाहन की तलाशी में 59 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया। बताया जा रहा है कि यह धान उड़ीसा से लाकर लैलूंगा व आसपास के क्षेत्रों में खपाने की कोशिश की जा रही थी। तस्कर रात के समय धान को छुपाकर इलाके में उतारने की योजना में थे।

एसडीएम के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह ने तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर लिया। मंडी एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए धान को मंडी बोर्ड घरघोड़ा भेज दिया गया है, वहीं पिकअप वाहन को धान सहित लैलूंगा मंडी के सुपुर्द किया गया है।

जांच में सामने आया कि वाहन का मालिक हिमसागर यादव, निवासी लेफ़रीपारा (उड़ीसा) है। पिकअप का सह-चालक भी उड़ीसा का ही बताया जा रहा है, जो धान तस्करी की इस योजना में शामिल था।

नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह द्वारा पिछले दिनों से की जा रही लगातार कार्रवाइयों से अवैध धान तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों और शासन को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए धान तस्करी विरोधी अभियान और अधिक तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित