नयी दिल्ली , नवंबर 09 -- नामीबिया से आयी चीता 'ज्वाला' ने मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों को जन्म दिया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस जन्म के साथ, भारत में जन्मे स्वस्थ शावकों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत की चीता संरक्षण यात्रा में यह एक और महत्वपूर्ण सफलता है।

श्री यादव ने इसे 'प्रोजेक्ट चीता' के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया और कहा कि यह उपलब्धि पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ और इस परियोजना से जुड़े सभी लोगों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने यह भी बताया कि इन शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 53 हो गई है।

गौरतलब है कि ज्वाला तीसरी बार मां बनी है। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की चीता 'गामिनी' भी दूसरी बार मां बनी और उसने चार शावकों को जन्म दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित