नयी दिल्ली , मार्च 26 -- असम, केरल और पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों के साथ-साथ गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में उपचुनावों के लिए नामांकन वापस लेने की समय-सीमा गुरुवार दोपहर तीन बजे समाप्त हो गयी।

चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है और लगभग 2,200 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 मार्च को की गयी थी, जिसके तहत मतदान का पहला चरण नौ अप्रैल को निर्धारित है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार तीन राज्यों की 296 विधानसभा सीटों पर 2,140 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। असम की 126 सीटों पर 789 उम्मीदवार, केरल की 140 सीटों पर 985 उम्मीदवार और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 366 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं उपचुनावों में चार राज्यों के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में 66 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि नामांकन पत्रों की जांच रिटर्निंग अधिकारियों ने उम्मीदवारों और उनके अधिकृत एजेंटों की उपस्थिति में की और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी है। वैध नामांकित उम्मीदवारों की सूची, फोटो के साथ नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित