कांकेर, मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग बालक को बहला-फुसलाकर उसके ही घर से सोना-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी करवाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को एक महिला ने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाबालिग पुत्र को मोहल्ले के कुछ युवकों ने अपने प्रभाव में लेकर घर के लॉकर से जेवरात और नगदी चोरी करवा ली है। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी मदनी मेमन, अजीम खान और फैजल खान ने नाबालिग को घूमने-फिरने और खर्चा देने का लालच देकर अपने साथ जोड़ा और उसे घर से जेवर व पैसे लाने के लिए प्रेरित किया। बीते लगभग दो महीनों से नाबालिग द्वारा घर से सामान निकालकर आरोपियों को दिया जा रहा था।

ईद के दौरान जब परिजनों ने लॉकर की जांच की, तो जेवरात और नगदी गायब मिले। पूछताछ में नाबालिग ने पूरी घटना का खुलासा किया। चोरी किए गए सामान में सोने के झुमके, टॉप्स, चैन-लॉकेट, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नाक की फुल्ली सहित चांदी के पायल, बिछिया और करीब एक लाख रुपये नगद शामिल हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 23 मार्च को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अजीम खान (21), फैजल खान (25) एवं मदनी मेमन (20) शामिल हैं, जो सभी कांकेर शहर के निवासी हैं। फैजल खान के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित