बैतूल , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बैतूल बाजार थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तेजी से जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को बैतूल बाजार थाने में नाबालिग पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 127/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल बैतूल भेजने के आदेश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित