अंबिकापुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने यह जानकारी आज दी।
पुलिस के अनुसार, थाना मणिपुर क्षेत्र में गत नौ अप्रैल को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 24 जनवरी से लापता है। मामले में अपराध क्रमांक 70/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सूचना मिली कि नाबालिग बालिका आरोपी अजय शंकर तिवारी के साथ जम्मू के विजयपुर क्षेत्र में है। इस पर पुलिस टीम को तत्काल जम्मू रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजयपुर से नाबालिग को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर जम्मू ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।
आरोपी की पहचान अजय शंकर तिवारी (26), निवासी डोरला, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित