बैतूल , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश थाना कोतवाली बैतूल पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नाबालिग सुरक्षा एवं दस्तयाबी अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों प्रकरणों में सफलता हासिल की। पहले मामले में फरियादी द्वारा 28 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को 26 जनवरी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की और 6 फरवरी को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर न्यायालय में कथन दर्ज कराते हुए परिजनों के सुपुर्द किया।
दूसरे मामले में 5 फरवरी को दर्ज शिकायत में बताया गया था कि 2 फरवरी को नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस बालिका को भी 6 फरवरी को सुरक्षित दस्तयाब कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर परिवार को सौंप दिया।
इस सफल अभियान में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक छत्रपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक जगदीश रैकवार, उप निरीक्षक चित्रा कुमरे, प्रधान आरक्षक शिव कुमार, ललिता इवने, आरक्षक विष्णु चौहान एवं महिला आरक्षक रामरति का विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह कार्रवाई जिले में बच्चों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित