देहरादून , मार्च 14 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस में नाबालिग पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अंकित कंडारी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च को देहरादून के आजाद कॉलोनी निवासी वादिनी ने कोतवाली पटेलनगर पर एक लिखित तहरीर दी थी।
जिसमें बताया गया था कि 19 वर्षीय रैफी उर्फ सोनू निवासी पटेलनगर देहरादून, मूल पता ग्राम गजरौला थाना बस्ती जिला अमरोहा उत्तर प्रदेश एवं दो अन्य विधि विवादित किशोरों ने 12 मार्च की शाम उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर जंगल में ले गए और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया ।
तहरीर के आधार पर कोतावली पटेलनगर ने आरोपितों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पटेल नगर पर गठित पुलिस टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिये आवश्यक निर्देश दिए ।
निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सुरागरसी-पतारसी करते हुए घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी रैफी को पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, घटना में शामिल के दो अन्य किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित