बैतूल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 22 मार्च को नाबालिग पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मोरगोंदी निवासी अर्जुन खापरे ने उसके नहाते समय का वीडियो बनाकर वायरल किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 77, 78(2), 351(3), आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67(ए) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 11, 12, 13 और 14 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। मुखबिर की सूचना पर दुनावा बस स्टैंड क्षेत्र में आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अर्जुन खापरे (22) को न्यायालय में पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की निजता का उल्लंघन करना गंभीर अपराध है, विशेषकर महिलाओं और नाबालिगों से संबंधित अश्लील सामग्री का निर्माण और प्रसारण कानूनन दंडनीय है। उन्होंने नागरिकों से ऐसी घटनाओं की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित