संतकबीरनगर , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में थाना धनघटा पुलिस ने नाबालिगा को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को बताया कि थाना धनघटा पर पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त दिनेश उर्फ विस्सू , निवासी रामनगर कटघर, थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर को बिड़हरघाट मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता ने 11 जनवरी को थाना धनघटा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित