बारां , अप्रैल 04 -- राजस्थान में बारां जिले के सारथल थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग की हत्या की गुत्थी सुलझातेहुए पुलिस ने मृतक के ही नाती को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बद्रीलाल (80) नवरात्र के दौरान खेत में भगवान शंकर के चबूतरे पर पूजा करने के लिए पिछले नौ दिनों से वहीं रह रहा था। छब्बीस मार्च की रात को अज्ञात व्यक्ति ने उसकी हत्या कर दी। अगले दिन सुबह करीब सात बजे उनकी भाभी जब खेत में चाय लेकर पहुंची, तो देखा कि बद्रीलाल का शव कुएं में पड़ा हुआ है। परिजनों ने शव को बाहर निकाला तो उसके सिर पर गहरी चोट और कट के निशान मिले और पैर बंधे हुए थे। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि इस पर जांच दल ने सारथल, हरनावदा शाहजी, इकलैरा और झालावाड़ क्षेत्र के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के 100 फुटेज खंगालने और साइबर सेल और जिला विशेष दल की मदद आरोपी की शिनाख्त कर ली और आरोपी रणजीत (25) को हिरासत में लिया गया।
श्री अंदासु ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने नाना बद्रीलाल से खर्च के लिए दो हजार रुपये मांगे थे, लेकिन नाना ने देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर 26 मार्च की रात करीब एक बजे आरोपी खेत में पहुंचा और सो रहे नाना के सिर पर पत्थर से दो बार वार कर दिये। इसके बाद वह शव घसीटकर कुएं तक ले गया, दोनों पैर बांधे और पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित