पटना , जनवरी 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान वैशाली जिले पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि वैशाली जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि महिला आई.टी.आई एवं सभी अनुमंडलों में आई.टी.आई की स्थापना की गयी है। महुआ में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की गयी है। जी.एन.एम. एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गयी। वैशाली जिले में कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है।

श्री कुमार ने कहा कि हाजीपुर-पटना के बीच गंगा नदी पर पुराने गांधी सेतु तथा जे.पी. सेतु का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि दीदारगंज और बिदुपुर के बीच 6 लेन के महासेतु का निर्माण कराया गया है। हाजीपुर से मुजफ्फरपुर पथ का 4 लेन चौड़ीकरण कराया गया है। वैशाली में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप का निर्माण कराया गया है जिसका हाल ही में उद्घाटन किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए वैशाली जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वाया नदी की उड़ाही करायी जा रही है। बरैला झील का विकास किया जा रहा है। महुआ में ग्रिड सब-स्टेशन तथा 4 प्रखंडों में नये पावर सब स्टेशन बनाया जा रहा है। गोरौल में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गयी है। हाजीपुर शहर में नाला का निर्माण शुरू हो चुका है। गंडक नदी के छूटे हुए भाग में तटबंध का निर्माण का काम चल रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि वैशाली जिले में उद्योग पार्क बनाने के लिये जमीन का चयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में वैशाली जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार के लिए जिले की चार लाख 83 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। वैशाली जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के एक हजार 414 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 290 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 16 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा वैशाली सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा। वैशाली जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। जन संवाद कार्यक्रम के बाद वैशाली जिले की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित