श्रीगंगानगर , मार्च 18 -- राजस्थान में उत्तर-पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के बुधवार को सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर नागरिक संघर्ष समिति ने प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा।

समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर बड़ा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

नागरिक संघर्ष समिति के रेल संयोजक लक्ष्मण शर्मा, सचिव कामरेड मदन ओझा, ओम राजपुरोहित, रामप्रताप तिवारी, हुसैन मोहम्मद तेली, महावीर भोजक, दीपक शीला, धन्नाराम स्वामी, पवन कुमार तावणिया, ज्ञानचंद बजाज सहित सेंकड़ों स्थानीय नागरिकों ने सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में एकत्र होकर डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बीकानेर मंडल के ऑन बोर्ड वेंडिंग टेंडर में भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं पार कर ली गई हैं। फर्म की ओर से गरीब वेंडरों से "चौथ" के नाम पर रोजाना 240 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।

समिति ने मांग की कि इस अवैध वसूली को तत्काल बंद करके वेतन भोगी वेंडरों की नियुक्ति की जाए। साथ ही वेंडरों को दिए जा रहे फर्जी पहचान पत्रों में चिकित्सा प्रमाण पत्र की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और इस भ्रष्टाचार में लिप्त रेलवे अधिकारियों और संबंधित फर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित