नागपुर , मार्च 16 -- महाराष्ट्र में नागपुर के एक शॉपिंग मॉल में 18 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर चूहे मारने की दवा खाकर आत्महत्या कर ली।
नागपुर पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान मानेवाड़ा इलाके के जवाहर नगर निवासी यश सुनील झाड़े के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि युवक शनिवार दोपहर से लापता था, जिसके बाद उसके परिवार ने हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। दूसरे दिन रविवार को शहर के एम्प्रेस मॉल की दूसरी मंजिल पर उसका शव मिला। मौके से पानी की एक बोतल और चूहे मारने की दवा बरामद की गयी है। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि युवक की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 11 मार्च को खत्म हो गयी थीं, फिर भी वह पिछले कुछ दिनों से यह कहकर घर से निकलता था कि उसकी परीक्षाएं हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। घटना की आगे की जांच चल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित