जौनपुर , जनवरी 16 -- बनारस में बीते दिनों कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं पर बल प्रयाेग की भर्त्सना करते हुये कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।
डा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से निरंकुश और तानाशाह हो चुकी है, पुलिस का दुरपयोग शांति पूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ करके अपनी दमनकारी नीतियों का प्रदर्शन कर रही है, मोदी योगी सरकार की इस फिरंगी मानसिकता के सामने कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता मजबूती के साथ लोकतंत्र, संविधान और जनता के हितों की लड़ाई लडने में जरा सा भी पीछे नहीं होगा।
उन्होने कहा कि केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार अपनी नाकामियों और असफलताओं को छुपाके लिए विपक्षी नेताओं के घर पुलिस भेजकर उन्हें डराने धमकाने का काम कर रही है, जौनपुर सहित प्रदेश के सभी जनपदों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर पुलिस भेजकर उन्हें और उनके परिवार के खिलाफ जबरन कार्यवाही करने का भय दिखाकर अपने खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाना चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित