श्रीगंगानगर , अप्रैल 13 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के गांव खाट लबाना के नजदीक गंग कैनाल की लक्ष्मीनारायण वितरिका नहर में नहाने के लिए कूदे एक युवक की लाश लगभग 42 घंटे बाद आज सुबह बरामद हो गई।
हादसे की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक अविनाशकुमार ने बताया कि युवक सुमित (21) की लाश घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बाईफ्रिरकेशन हैड से पहले रेलवे पुल के नीचे आज सुबह अटकी हुई दिखाई दी जबकि नहर में पानी की मात्रा कम हो गई थी।मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का निवासी सुमित खाट लबाना गांव के समीप एक ईंट भट्टे पर अपने चाचा दानसिंह के परिवार के साथ रहता था। वह भट्टे पर मजदूरी करता था।
परसों शनिवार दोपहर लगभग एक बजे वह भट्टे के ट्रैक्टर टैंकर पर चालक के साथ नहर पर पानी लेने के लिए गया था। वहां वह नहर किनारे बनी सीढी पर नहाने लगा। ड्राइवर पानी के लिए पाइप नहर में लगने लगा तो उसने सुमित से एक बार सीढी से हटने के लिए कहा लेकिन सुमित को लगा की नहर में पानी कम है और वह नहाने के इरादे से उसने छलांग लगा दी, परंतु पानी की मात्रा बहुत ज्यादा थी और उसका बहाव भी तेज था। वह तेज बहाव में बहने लगा तो ड्राइवर ने इस पाइप से उसको बचाने की कोशिश भी की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका।
सुमित की तलाश के लिए जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस के गोताखोर बुलाए गए लेकिन उनको भी सफलता नहीं मिली। इस बीच कल रविवार को लक्ष्मी शनारायण वितरिका नहर में पीछे के हैड से पानी की मात्रा कम हो गई, जिसके चलते आज सुबह सुमित की लाश रेलवे पुल के नीचे नहर में दिखाई दे गई। जिला अस्पताल में आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित