चंडीगढ़ , फरवरी 17 -- पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बढ़ते नशे के कारोबार पर गहरी चिंता जतायी है और कहा है कि विशेषकर पंजाब से सटे जिलों में नशे का जाल तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है।

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के सामने प्रदेश का प्रशासन लगभग पंगु नजर आ रहा है। सरकार केवल औपचारिक बयान दे रही है, जबकि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि लगातार युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे सामाजिक ढांचा कमजोर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रखा जा सकता। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी भी युवाओं को नशे और अपराधकी ओर धकेलने का एक बड़ा कारण है। जब तक सरकार रोजगार सृजन के ठोस कदम नहीं उठाएगी, तब तक नशे के खिलाफ लड़ाई अधूरी रहेगी।

कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने सरकार से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध अभियान चलाने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समन्वित और प्रभावी कदम नहीं उठाये गये तो स्थिति और गंभीर होसकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित