कोरिया , दिसंबर 21 -- छत्तीसगढ़ में कोरिया जिले के सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़न दस्ता टीम की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में उड़न दस्ता टीम ने जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन के एक आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किये हैं।

आबकारी कार्यालय से सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया गया सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना पटना चौकी पंडोपारा क्षेत्र के अंतर्गत सांवारांवा गांव निवासी दिलीप सोनवानी अपने घर में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन रखकर उनकी अवैध बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले योजनाबद्ध तरीके से खरीद करवाई और इसके बाद रविवार सुबह आरोपी के घर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी के शयनकक्ष से एक प्लास्टिक बोरी में रखे 100 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 100 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।

आरोपी दिलीप सोनवानी को मौके पर ही मादक पदार्थ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय बैकुंठपुर में रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से जेल दाखिल करने का आदेश दिया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि कोरिया जिले में उड़नदस्ता टीम की यह पहली कार्रवाई है।

इससे पहले सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की जा चुकी है। जशपुर और एमसीबी जिलों में भी इंजेक्शन विक्रेताओं का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही वहां भी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में यह नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप विक्रेताओं के खिलाफ 31वीं बड़ी कार्रवाई है, जिससे पूरे सरगुजा संभाग में नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है।

कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तेजराम केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता और महिला सैनिक अंजू एक्का की सराहनीय भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित