टिहरी , मई 11 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिला में महिला एवं बाल अपराध, नशे और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने सोमवार को पतंजलि संस्थान, मूल्या गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर के निकट पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बढ़ते नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जागरूक रहने के उपाय बताए। इस दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 की जानकारी भी साझा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूक किया। साथ ही किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों, उत्तराखण्ड पुलिस ऐप और गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से समाज में जागरूकता फैलाने और नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित