जयपुर , दिसंबर 11 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने नव नियुक्त महिला पर्यवेक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आईटी सक्षम प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं ताकि सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता में और अधिक सुधार किया जा सके।
श्रीमती दिया कुमारी ने उनकी अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में समेकित बाल विकास सेवाओं की आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण नियमित रूप से उपलब्ध करवाया जाना चाहिए तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह आईटी आधारित बनाया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी सहायिकाओं, कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों, सीडीपीओ और उपनिदेशकों के क्षमता संवर्धन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों के आधारभूत और ढांचागत विकास को गति देने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और संबंधित कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित