जयपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रदेश दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार बताते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी और उनका अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण निश्चित रूप से पार्टी को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
श्रीमती दिया कुमारी सोमवार को श्री नवीन के जयपुर आगमन पर कनोडिया कॉलेज पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बोल रही थी। श्रीमती दिया कुमारी एवं पार्टी के लोगों ने श्री नवीन का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने राजस्थान की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की वहीं फूलों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि "राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार श्री नवीन का राजस्थान आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है और आज जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं ने उत्साह दिखाया है, वह दर्शाता है कि संगठन की जड़ें कितनी मजबूत हैं।
उन्होंने कहा कि उनका यह दौरा न केवल संगठन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। आने वाले समय में हम सभी मिलकर राजस्थान में विकास और सुशासन की दिशा में और अधिक मजबूती से काम करेंगे। इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित