चेन्नई , फरवरी 12 -- चेन्नई ट्रेड सेंटर में नवीकरणीय उर्जा प्रदर्शनी 2026 के आठवें आयोजन का गुरुवार को आगाज हुआ।
उद्योग जगत के दिग्गजों, नवाचारियों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाने वाली इस प्रदर्शनी में 200 से अधिक प्रदर्शक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। उद्योगों के लिये नयी तकनीकों का आकलन करने, साझेदारी करने और उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए मंच प्रदान करने वाले इस आयोजन में व्यावसायिक क्षेत्र के 16,000 से अधिक प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है।
तीन दिवसीय यह 'बी2बी' (बिजनेस-टू-बिजनेस) प्रदर्शनी अक्षय और सौर ऊर्जा, ग्रिड और मीटरिंग तकनीक, हरित हाइड्रोजन, हाइब्रिड ऊर्जा प्रणाली, ऊर्जा भंडारण, बैटरी बुनियादी ढांचे, ई-मोबिलिटी, ईवी चार्जिंग समाधान और संबंधित स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों की एक विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन करेगी।
यह कार्यक्रम किफायती ऊर्जा समाधान तलाश रहे औद्योगिक ऊर्जा उपयोगकर्ताओं, परियोजना विकासकर्ताओं, इंजीनियरिंग,अधिप्राप्ति एवं निर्माण ठेकेदारों (ईपीसी), वास्तविक उपकरण विनिर्माता (ओईएम), सलाहकारों, निवेशकों और उद्यमों के लिए तैयार किया गया है।
इस प्रदर्शनी का एक मुख्य आकर्षण दो दिवसीय 'ग्रीन इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026' है, जो गुरुवार से शुरू हो रही है। इस सम्मेलन का विषय 'नवीकरणीय-प्रथम युग के लिए भारत की बिजली प्रणालियों का रूपांतरण' रखा गया है। सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रमुख विशेषज्ञ, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ अक्षय ऊर्जा एकीकरण, ग्रिड लचीलापन और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा के व्यावहारिक दृष्टिकोणों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में मुख्य रूप से अक्षय और हाइब्रिड बिजली प्रणालियों को उद्योगों द्वारा अपनाने, ऊर्जा भंडारण, बैटरी तकनीक और ग्रिड आधुनिकीकरण करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही, हरित हाइड्रोजन उत्पादन और उसके अनुप्रयोग, ई-मोबिलिटी, ईवी बुनियादी ढांचा और स्वच्छ परिवहन तथा नीतिगत ढांचे एवं वित्तपोषण मॉडल पर भी चर्चा की जाएगी।
व्यावसायिक क्षेत्र के आगंतुकों के लिए यह प्रदर्शनी समाधान प्रदाताओं, तकनीकी नवाचारियों और निर्णय लेने वाले अधिकारियों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करती है। इससे एक ही छत के नीचे परियोजनाओं पर चर्चा करने के साथ-साथ आपूर्तिकर्ताओं का आकलन करने और साझेदारी निर्मित करने का अवसर भी मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित