पटना , अप्रैल 09 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की महत्वाकांक्षी "हर घर नल का जल" योजना के सफल क्रियान्वयन एवं आम जनता को निर्बाध शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरूवार को विशेष सचिव संजीव कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नवादा एवं जहानाबाद जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति, जलापूर्ति की स्थिति एवं प्राप्त शिकायतों के समाधान की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विशेष सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो तथा योजनाएं पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें।

समीक्षा में यह पाया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पाइपलाइन विस्तार, जलदाब में सुधार, नए कनेक्शन उपलब्ध कराने एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया गया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित