नवांशहर , जनवरी 23 -- पंजाब में एसबीएस नगर (नवांशहर) पुलिस ने शुक्रवार को जिले में अलग-अलग घटनाओं में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज किये, जिसके परिणामस्वरूप नियमित गश्त और जांच अभियानों के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद की गयीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तुषार गुप्ता ने बताया कि एक घटना में, पुलिस की एक टीम ने गश्त दौरान काजला गांव के बाहरी इलाके में एक युवक से 15 ग्राम हेरोइन और 'अल्प्रासेफ-ओ 5' लेबल वाली पांच स्ट्रिप्स बरामद कीं, जिनमें से प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं और कुल 50 गोलियां बरामद हुईं। एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान करण राम उर्फ अल्ला निवासी सल्लाह खुर्दके तौर पर यू है।
बंगा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अन्य मामले में, सहायक उप निरीक्षक इंदरपाल सिंह ने बताया कि वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बंगा-महिलपुर सड़क पर श्मशान घाट की ओर गश्त और जांच कर रहे थे, तभी दो युवकों को श्मशान घाट से बाहर निकलते देखा गया। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों ने कथित तौर पर वापस श्मशान घाट में भागने की कोशिश की और ज़मीन पर पारदर्शी पॉलिथीन के पैकेट फेंक दिये। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।आरोपियों की पहचान बलजीत कुमार उर्फ सबी (32) और प्रिंस कुमार (26) के रूप में हुई है, दोनों सगे भाई हैं और गांव कट्ट, पुलिस थाना बंगा के निवासी हैं। पैकेटों की जांच करने पर पुलिस को कथित तौर पर अल्प्राज़ोलम टैबलेट आईपी 0.5 मिलीग्राम की कुल 35 नशीली गोलियां मिलीं। गोलियों की पट्टियों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथियां मिटाई गई थीं। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में राहोन क्षेत्र में, पुलिस ने कपूरथला जिले के संगतपुर गांव के निवासी सुखमंदर सिंह उर्फ मिक्की (32) को शाम की गश्त के दौरान कथित तौर पर 30 एटिज़ोलम टैबलेट (0.25 मिलीग्राम) बरामद करने के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस वाहन को देखकर सड़क किनारे एक पॉलिथीन पैकेट फेंक दिया था, जिसके बाद यह बरामदगी हुई। वह टैबलेट रखने का कोई चिकित्सीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में प्रतिबंधित सामग्री के स्रोत का पता लगाने और व्यापक मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क से किसी भी संभावित संबंध की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित