भीलवाड़ा , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में नव वर्ष के साथ अस्तित्व में आ रहे गांधी नगर पुलिस थाने में स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है।
पुलिस विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने मध्यरात्रि आदेश जारी करते हुए थाना संचालन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की है। आदेश के अनुसार गांधी नगर थाने में पुष्पा कसौटी को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ उप निरीक्षक हंसपाल को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा चार सहायक उप निरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल और 33 कांस्टेबल की नियुक्ति की गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार स्टाफ की तैनाती से नए थाने के सुचारू संचालन में मदद मिलेगी और गांधी नगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। नववर्ष से थाना पूरी तरह सक्रिय होकर क्षेत्रवासियों को पुलिस सेवाएं प्रदान करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित