झुंझुनू , फरवरी 22 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट करके 26 लाख 90 हजार रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने रविवार को बताया कि साइबर अपराध की इस गंभीर वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल का गठन किया गया था। पुलिस दल ने तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गुजरात से दस्तयाब किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान रोहित रामसिंह मिस्त्री (23) निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को परिवादी प्रदीप कुमार निवासी नवलगढ़ ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि साइबर ठग ने व्हाट्सएप वीडियो, ऑडियो कॉल के माध्यम से उसे धमकाकर डिजिटेल अरेस्ट करके 26 लाख 90 हजार रुपये ठग लिये हैं।
श्री उपाध्याय ने बताया कि रोहित रामसिंह मिस्त्री के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में तीन साइबर शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी के बैंक खातों में करीब 23 लाख रुपए का लेनदेन पाया गया। नवलगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 11 लाख 73 हजार रुपए होल्ड करवाए गए हैं। उक्त राशि को परिवादी के खाते में स्थानांतिरत करवाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस द्वारा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित