गोरखपुर , मार्च 19 -- नवरात्र मेले के अवसर पर श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने मैहर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों का अस्थायी ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया है।

पूर्वोत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत मैहर स्टेशन पर चयनित ट्रेनों का पांच मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है, जो तात्कालिक प्रभाव से विभिन्न तिथियों तक लागू रहेगा।

प्रवक्ता के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 30 मार्च तक मैहर स्टेशन पर 03:15 बजे पहुंचकर 03:20 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस 19 से 31 मार्च तक इसी समयावधि में ठहरेगी। इसी प्रकार चेन्नई सेंट्रल-छपरा एक्सप्रेस 21 से 30 मार्च तक 20:50 से 20:55 बजे, वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 21 से 28 मार्च तक 15:05 से 15:10 बजे तथा दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस 18 से 28 मार्च तक 05:35 से 05:40 बजे के बीच ठहराव करेगी।

इसके अतिरिक्त पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, पुणे-बनारस एक्सप्रेस, सूरत-छपरा एक्सप्रेस तथा गोंडा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को भी निर्धारित तिथियों के बीच मैहर स्टेशन पर पांच मिनट का ठहराव दिया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि यह व्यवस्था नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए की गई है, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित