बैतूल , मार्च 19 -- चैत्र नवरात्र के अवसर पर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 'टीका लगाओ, उपहार पाओ' योजना का शुभारंभ किया गया।

जिला चिकित्सालय स्थित उमंग स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाने के साथ उनका सम्मान कर उपहार भी प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम का आयोजन आनंद विभाग मध्यप्रदेश की राज्य आनंद संस्थान से जुड़े ताप्ती आनंद क्लब एवं मां शारदा सहायता समिति द्वारा किया गया। आयोजन में सामाजिक सहभागिता और स्वास्थ्य जागरूकता का समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र बिहारिया ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत वर्ष 2011 में जन्मी बालिकाएं तथा वर्ष 2012 के जनवरी, फरवरी और मार्च में जन्मी बेटियां पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र के अवसर पर इस योजना की शुरुआत का उद्देश्य अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में पारंपरिक रूप से बालिकाओं का तिलक और आरती कर शुभारंभ किया गया। सुषमा सोनी ने बालिकाओं का सम्मान कर उन्हें उपहार प्रदान किए। जिला चिकित्सालय की आरएमओ डॉ. रानू वर्मा ने योजना की सराहना करते हुए सभी पात्र बालिकाओं से टीका अवश्य लगवाने की अपील की।

इस अवसर पर आनंद विभाग के जिला संपर्क व्यक्ति महेश गुंजेले, ताप्ती आनंद क्लब के अध्यक्ष शैलेंद्र बिहारिया, मां शारदा सहायता समिति के अध्यक्ष हिमांशु सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अंशिका सोनी और हर्षिता साहूकार को एचपीवी टीका लगवाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नवरात्र के दौरान यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित