नयी दिल्ली , मार्च 19 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन झंडेवाला मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस मौके पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और शक्ति का प्रतीक है, जो हमें सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद दिल्ली के हर परिवार पर बना रहे और सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आए। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने झंडेवाला मंदिर के निकट आयोजित भक्ति संगीत कार्यक्रम भजन क्लबिंग में भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का कार्य करते हैं। भक्ति संगीत न केवल हमारी परंपराओं को जीवंत रखता है, बल्कि समाज में एकता, शांति और सद्भाव को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि भजन क्लबिंग जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में जो उत्साह और भागीदारी देखने को मिल रही है, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन देती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित