हैदराबाद , मार्च 11 -- भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालीफायर 2026 तेलंगाना के पूल बी के मुकाबले में वेल्स के खिलाफ 4-1 से शानदार जीत हासिल की।

आज यहां जीएमसी बालयोगी हॉकी ग्राउंड (गाचीबोवली हॉकी कॉम्प्लेक्स) में भारतीय टीम के लिए नवनीत कौर ने (29वें, 34वें, 55वें) मिनट में तीन गोल किया, जबकि साक्षी राणा ने (सातवें) मिनट में गोल दागा। हालांकि भारत ने इस मैच से पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली थी, लेकिन नतीजे ने सुनिश्चित कर दिया कि वे तालिका में शीर्ष पर रहे। भारत अब फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए 13 मार्च को इटली से भिड़ेगा।

पहले क्वार्टर में भारत की गति पूरी तरह से प्रदर्शित हुई क्योंकि उन्होंने वेल्स टीम के उच्च दबाव के बावजूद तेजी से ब्रेकअवे के साथ अपने विरोधियों पर भारी दबाव बनाया। मेजबान टीम ने सातवें मिनट में ही बढ़त बना ली जब सलीमा टेटे ने दाहिने किनारे से एक मूव बनाया, इससे पहले साक्षी राणा ने सर्कल के किनारे से एक शक्तिशाली रिवर्स हिट लगाकर भारत को बढ़त दिला दी। भारत ने इसके तुरंत बाद दबाव बनाना जारी रखा, उदिता एक पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़त को दोगुना करने के करीब पहुंच गई थी, लेकिन उसका प्रयास लाइन से बाहर हो गया।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में गति बनाए रखी। नवनीत और लालरेमसियामी ने हमले किये लेकिन लालरेमसियामी को अंतिम थ्रू बॉल वेल्स के गोलकीपर, फियोन हॉरेल ने रोक दिया भारत 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दूसरा गोल करने के करीब था, लेकिन मनीषा का प्रयास कुछ इंच दूर रहा। महज दो मिनट बाद, एक और पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत ने नीचे से शॉट मारकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इस गोल ने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए पहले हाफ के दबदबे को समाप्त किया, जिसमें उन्होंने 15 सर्कल में 55 प्रतिशत कब्जा रखा।

भारत तीसरे क्वार्टर में भी बढ़त बनाए रहा। नेहा 31वें मिनट में रिवर्स हिट से नेट के पीछे पहुंचने के करीब थीं, लेकिन शॉट को पैड से बचा लिया गया। 34वें मिनट में साक्षी के एक शानदार रन ने भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाया और नवनीत कौर ने अपना दोहरा गोल पूरा करने में कोई गलती नहीं की और स्कोर 3-0 कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित