भोपाल , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर एक नर्स की गोली मार कर हत्या के मामले को लेकर कांग्रेस ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरा है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर कहा कि भाजपा के राज में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सागर जिले के शाहगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर ड्यूटी जा रही नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के खोखले दावों को आईना दिखा दिया है। थाने और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई यह जघन्य वारदात साबित करती है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश की महिलाएँ खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, यह भाजपा सरकार की गंभीर और अक्षम शासन व्यवस्था का परिणाम है। आरोपी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो तथा मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित