टिहरी , दिसंबर 24 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में नरेंद्रनगर थाना पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बिछड़े एवं बोलने में असमर्थ बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को ऋषिकेश-चंबा मार्ग पर आशु फूड वैन के समीप व्यू प्वाइंट खाले, चौकी प्लासड़ा क्षेत्र में एक अज्ञात बालक लावारिस हालत में घूमता हुआ पाया गया। बालक बोलने में असमर्थ था और अपनी पहचान नहीं बता पा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बालक को सुरक्षा की दृष्टि से बाल मित्र थाने में सुरक्षित रखा और उसकी पहचान एवं परिजनों की तलाश शुरू की। स्थानीय जानकारी, सघन पूछताछ एवं अन्य माध्यमों से बालक की पहचान संदीप पुत्र देवेंद्र, निवासी समस्तीपुर (बिहार), हाल पता नोएडा के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर परिजनों ने बताया कि बालक मानसिक रूप से कमजोर है और बोलने में असमर्थ है, जो कहीं बिछड़ गया था। इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताओं के पश्चात बुधवार को बालक को उसकी माता रानी देवी को सकुशल सौंप दिया गया।
अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर माता ने थाना नरेंद्रनगर पुलिस के मानवीय एवं प्रशंसनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित