कांकेर , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ में उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नरहरपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दारू अहाता परिसर में 7 फरवरी की दरमियानी रात एक जंगली भालू घुस आया। हालांकि, अहाते में सो रहे एक युवक को इस घटना का तब पता चला, जब वह सुबह उठा और उसने अहाते में हुए नुकसान को देखा। बाद में सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा से पता चला कि भालू रात के समय वहां घुसा था और युवक का उस समय सोते रहना एक बड़े हादसे को टालने का कारण बना।

इस हैरान कर देने वाली घटना का वीडियो अहाते में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में भालू को रात के अंधेरे में बेखौफ होकर अहाता परिसर में घूमते, सूंघते और वहां रखे सामान को नुकसान पहुंचाते देखा जा सकता है। वीडियो से स्पष्ट है कि भालू ने परिसर में कई चीजें उलट-पलट दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित