लखनऊ , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आज का भारत केवल परिवर्तन की बात करने वाला देश नहीं है, बल्कि परिवर्तन को जीकर दिखाने वाला राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि देश दृढ़ संकल्प के साथ विकास के अगले स्तर की ओर बढ़ रहा है। कभी भारत को संभावनाओं का देश कहा जाता था, लेकिन आज यह उपलब्धियों का देश बन चुका है।
सीएसआईआर-नेशनल बाटेनिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, लखनऊ में रविवार को आयोजित बोगनविलिया 'उत्सव-2026' के समापन अवसर पर राज्यपाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि देश में नेक्स्ट् जेनेरेशन का आधुनिक भौतिक अवसंरचना (फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर) विकसित हो रहा है तथा डिजिटल क्रांति ने गांव-गांव तक सुविधा और पारदर्शिता का प्रकाश पहुंचाया है।
उन्होंने राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ में इतना महत्वपूर्ण और बड़ा वैज्ञानिक संस्थान कार्य कर रहा है, जहां वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में अनेक शोध किए जा रहे हैं तथा पौधों की नई-नई किस्में विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां विश्व के विभिन्न देशों से भी पौधों की प्रजातियां लाकर उनका संरक्षण एवं अध्ययन किया जा रहा है। इस प्रकार के संस्थानों की जानकारी होनी चाहिए।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि फूल केवल उद्यानों की शोभा ही नहीं बढ़ाते, बल्कि हमारे जीवन में सौंदर्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि बोगेनवेलिया का पौधा हमें यह प्रेरणा देता है कि परिस्थितियाँ चाहे जितनी भी कठिन क्यों न हों, जीवन को सदैव खिलते रहना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित