लखनऊ , फरवरी 01 -- केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे नए भारत और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने वाला दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट प्रस्तुत करने पर हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 145 करोड़ देशवासियों की आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक यह बजट है, जिसमें मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल एक्सपेंडिचर में वृद्धि, रेल कॉरिडोर, आयुष और हेल्थ सेक्टर को सशक्त करने जैसे ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कामकाजी महिलाओं पर विशेष ध्यान, हर जनपद में छात्रावास निर्माण, विज्ञान-गणित-आंकड़ा विज्ञान और उभरती तकनीकों से जुड़े हॉस्टलों की पहल युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगी।
उन्होने कहा कि व्यापक सुधारों के साथ अलग-अलग सेक्टरों में किए गए प्रावधान आम नागरिक का जीवन सरल बनाएंगे और अर्थव्यवस्था को तेज गति देंगे। युवाओं, महिलाओं, अन्नदाता किसानों, उद्यमियों और मध्यम वर्ग-सभी के लिए नए अवसर सृजित करने वाला यह बजट है। जीएसटी रिफंड की प्रक्रिया, आयकर रिटर्न को सरल बनाने की दिशा में उठाए गए कदम तथा अप्रैल से नए इनकम टैक्स एक्ट को लागू करने की घोषणा को उन्होंने स्वागतयोग्य बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का दस्तावेज है और तेजी से आगे बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने बजट में शामिल प्रावधानों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित