श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को देर रात एक कार से 90 लाख रुपये से अधिक की नगद राशि बरामद की।
इस मामले में कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। घटना के लगभग 18 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार काे बताया कि पुलिस दल रात में रायसिंहनगर-श्रीबिजयनगर मार्ग पर नियमित गश्त कर रहा था कि इसी दौरान श्रीबिजयनगर की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की जांच के दौरान दो बैग मिले, जिनमें कुल 90 लाख 84 हजार 900 रुपये की नगद राशि बरामद हुई। कार में सवार तीन युवक इस राशि के बारे में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान कुलदीप, अमन और रामस्वरूप के रूप में हुई है। ये तीनों रायसिंहनगर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत इस राशि को जब्त किया है, जबकि युवकों को धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन अभी तक युवक कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित