रायपुर , जनवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों सहित पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, निगम-मण्डल अध्यक्षों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हार्दिक बधाई देते हुए शुभकामनाएँ दी हैं।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्री नबीन को बधाई देते हुए कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि एक युवा नेता के रूप में श्री नबीन ने आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष का गुरुतर दायित्व ग्रहण किया है। सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नबीन अपनी जिम्मेदारियाँ निभाएंगे। भाजपा ने देश और कार्यकर्ताओं को एक संदेश दिया है कि जो भी कड़ी मेहनत करेगा, एक आम कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और यहाँ तक कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। युवाओं को पार्टी में नई दिशा और नई सोच लाने का मौका दिया गया है।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा आज ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक रूप से सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके 14 करोड़ से ज्यादा प्रमाणित सदस्य हैं। हमारी प्रक्रिया पूरी तरह से लोकतांत्रिक है, जो बूथ से शुरू होकर, जिला और राज्य स्तर से गुजरते हुए आज राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचकर पूर्ण हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा कहते हैं कि हमारे युवा ही हमारा भविष्य हैं। श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नबीन के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रधानमंत्री द्वारा तय किए गए विकसित भारत के विजन को युवा ही पूरा करेंगे, जो देश का मार्गदर्शन करने और उसे एक विकसित भारत बनाने में आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगे।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय एवं लता उसेण्डी ने भी श्री नबीन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित