धार , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिले धार की नगर पालिका की कर वसूली नहीं होने के चलते आर्थिक स्थिति खराब हो रही है।

पिछले कुछ माह से समय पर कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल रहा है। नपा मुख्यालय के सरकारी कार्यालयों से ही अपना बकाया वसूल नहीं कर पा रही हैं, सबसे ज्यादा जलकर बकाया चल रहा है। ऐसे में लगभग 3 करोड़ 82 लाख रु जलकर के रूप में बकाया चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार धार शहर में नपा के कुल 11 हजार 961 वैध नल कनेक्शन है। यह कनेक्शन तीन भागों में दिए जाते है। पहला घरेलू, दूसरा कमर्शियल और तीसरा उद्योग के लिए होता है। घरेलू कनेक्शन के लिए प्रतिमाह 150, कमर्शियल 420 और उद्योग के लए 480 रुपए महीना जलकर भरना होता है। इतनी कम राशि होने के बाद भी कई लोग जलकर जमा नहीं कर रहे है। वहीं नपा भी वसूली के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

नगर पालिका के मुताबिक बहुत से शासकीय बंगलों पर भी बड़ी संख्या में जल कर बकाया है। नगर में उद्योग के नाम पर चंद कनेक्शन है। औद्योगिक क्षेत्र में कई इकाइयां है लेकिन जिन लोगों ने कनेक्शन लिए है। वे लोग भी बिल नहीं भर रहे है। जल कर भरने में कार्यालय भी पीछे है। कई ऐसे कार्यालय है जिनके बिल 40 हजार रु से अधिक बकाया चल रहे है। इसमें मुख्य रूप से अधीक्षक कमला नेहरू छात्रावास 40265, व्यवस्थापक कमला नेहरू बोहरा बाखल 40325, माही परियोजना त्रिमूर्ति नगर 42941, शास. अनु. जाति छात्रावास सिल्वर हिल 43050, जल संसाधन के 58 हजार 616 रु बाकी चल रहे है।

सीएमओ नपा वी के सिंह ने कहा कि इनका कहना हैं, कि जलकर वसूली के लिए अभियान समय-समय पर चलाया जाता हैं, बडे बकायदारों को सूचना पत्र भी दिया जाता है। अब नपा द्वारा सख्ती की जाएगी। जो जलकर नहीं भर रहे है उनके कनेक्शन काटने जैसी कार्यवाही भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित