लखीमपुर खीरी , मई 05 -- लखीमपुर खीरी में प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब सोशल मीडिया पर कक्षा एक की छात्रा मानवी सिंह की शिकायत पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी सलेमपुर ग्राम पंचायत पहुंचे और बिना औपचारिकता के खड़ंजे वाले मार्ग पर पैदल चलते हुए मानवी के घर तक पहुंचे। उन्होंने बच्ची और उसके परिजनों से बातचीत कर समस्या जानी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मार्ग पर खड़ंजा होने के बावजूद बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है तथा जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। डीएम ने कहा कि शीघ्र ही मार्ग को दुरुस्त कर आमजन को राहत दिलाई जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र में अनियोजित प्लॉटिंग पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बिना स्वीकृत लेआउट के की जा रही प्लॉटिंग भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा करती है। ऐसे मामलों को नियमानुसार लाया जाएगा और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि प्लॉट या भूमि खरीदते समय केवल कीमत या स्थान न देखें, बल्कि सड़क, नाली, बिजली, जलनिकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम की इस पहल को त्वरित जनसुनवाई और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित