तिनसुकिया/लखीमपुर , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि असम की जनता नौ अप्रैल को भारी बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

श्री नड्डा ने आज असम के तिनसुकिया और लखीमपुर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में असम की पहचान बम, बंदूक, हड़ताल और अशांति से जुड़ी थी, लेकिन आज राज्य शांति, स्थिरता और विकास के लिए जाना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया, जबकि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता मिली।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार के प्रयासों से असम तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ा है। राज्य में मेडिकल कॉलेज, हाईवे, ब्रह्मपुत्र नदी पर पुल और बुनियादी ढांचे के कई बड़ी परियोजनाएं तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

श्री नड्डा ने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने उर्वरक, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की है, जिससे देश वैश्विक संकट के बावजूद मजबूत बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में एम्स, आईआईएम, पुल और सुरंग जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। इसके साथ ही कैंसर उपचार के लिए दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा नेटवर्क असम में तैयार किया जा रहा है तथा राज्य में रेलवे, सड़क और गैस पाइपलाइन जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। राज्य में पिछले पांच वर्षों में 1.56 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। अरुणोदय योजना के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसे बढ़ाने का वादा किया गया। उन्होंने जोर दिया कि राजग सरकार बनने पर रोजगार, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं को और विस्तार दिया जाएगा।

श्री नड्डा ने कांग्रेस को "थकी हुई और दिशाहीन पार्टी" बताते हुए कहा कि उसके नेता संसद में गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय गैर-जरूरी गतिविधियों में लगे रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने घुसपैठियों को बढ़ावा देकर वोट बैंक की राजनीति की।

उन्होंने कहा कि असम में राजग की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किया जाएगा और अवैध घुसपैठियों को चिन्हित कर बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित