उत्तरकाशी/बड़कोट, मई 02 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस अवसर पर उन्होंने कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति का स्वर्णिम दौर आया है। उन्होंने वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को देश की सांस्कृतिक धरोहर के सशक्तिकरण का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य की बुद्धि एवं विवेक का विकास होता है और पितरों को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां चारधाम विराजमान हैं, जो प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के बाद बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य तेजी से जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित