कोरबा , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नगर सेना के एक जवान द्वारा 26 जनवरी को आत्महत्या का प्रयास किए जाने के मामले ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जिला सेनानी अनुज एक्का को कोरबा से हटा दिया है। वहीं, जांजगीर जिले की जिला सेनानी योग्यता साहू को कोरबा नगर सेना प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

गौरतलब है कि बर्खास्तगी से आहत नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने कलेक्टर परिसर में जहर का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद संतोष को मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा से रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सोमवार को हुई इस घटना से आक्रोशित नगर सेना के जवान आज बड़ी संख्या में नगर सेना कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए थे।

प्रदर्शनकारी जवान हाथों में तख्तियां लेकर पीड़ित जवान संतोष पटेल की बहाली, दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और जिला सेनानी के तबादले की मांग कर रहे हैं, जिसके बाद ये निर्णय लिया गया ।

धरने को समर्थन देने पूर्व राजस्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत जवानों की बातें सुनीं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ।

बताया जा रहा है कि पीड़ित जवान संतोष पटेल ने जहर सेवन से पहले सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ महिला नगर सैनिकों द्वारा भी आंदोलन किया गया था, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित