बैतूल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के नगर पालिका मुलताई के कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वेतन भुगतान में हो रही देरी से नाराज कर्मचारियों ने गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र वेतन जारी करने की मांग की।

कर्मचारियों ने बताया कि वेतन न मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारी कर्ज लेने को मजबूर हो गए हैं, वहीं बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है। परीक्षा का समय होने के कारण स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

किराए के मकान में रहने वाले कर्मचारियों ने बताया कि मकान किराया, बिजली-पानी के बिल और राशन जैसी दैनिक जरूरतें पूरी करना भी चुनौती बन गया है। नियमित रूप से ड्यूटी करने के बावजूद वेतन न मिलने से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद जल्द वेतन भुगतान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की वित्तीय प्रक्रिया जारी है और उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान किया जा रहा है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी ऐसे आश्वासन मिल चुके हैं, लेकिन अब तक वेतन का भुगतान नहीं हो सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित