आगर-मालवा , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद कार्यालय में बीती रात अज्ञात कारणों से लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कार्यालय का एक हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। सुसनेर नगर के डाक बंगला रोड स्थित इस कार्यालय परिसर से देर रात धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत नगर परिषद कर्मचारियों और अधिकारियों को सूचना दी। थोडी ही देर में आग की लपटें दूर-दूर से दिखने लगी।
जानकारी मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे यह पूरे कार्यालय में फैलने से बच गई। आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए नुकसान का आकलन शुरू किया। आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आग के कारणों और वास्तविक नुकसान का पता चल पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित